पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी की इस प्रेस वार्ता में सुक्खू सरकार की आर्थिक नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पंचायत और नगर परिषद चुनाव परिणामों में मिली हार से बौखलाकर कांग्रेस सरकार आम जनता को गुमराह कर रही है। सरकार ने चुनावों के समय 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की बड़ी-बड़ी गारंटियां दी थीं, लेकिन सत्ता में आते ही पुरानी भाजपा सरकार द्वारा दी जा रही 125 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा भी छीन ली। इस फैसले से जिन परिवारों के बिजली बिल पहले शून्य आते थे, उन्हें अब भारी भरकम बिल चुकाने पड़ रहे हैं।
ठाकुर ने कहा कि सरकार ने पहले स्लैब आधारित सब्सिडी खत्म करके बिजली दरों में बड़ी बढ़ोतरी की। अब घर से दूर रहकर पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों पर भी महंगी बिजली का बोझ डाल दिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने चुनाव के दौरान इन फैसलों को लेकर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया और चुनाव आयोग से इस मामले पर तुरंत कड़ा संज्ञान लेने की मांग की।





















