कुल्लू (प्रिया शर्मा): पर्यटन नगरी मनाली के प्रसिद्ध जोगनी फॉल नाले में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा पेश आया, जहाँ पैर फिसलने के कारण एक पर्यटक युवक नाले के तेज बहाव वाले पानी में जा गिरा। यह हादसा बाहंग क्षेत्र के जोगनी फॉल नाले में शाम करीब 4:15 बजे हुआ, जब युवक अचानक अपना संतुलन खो बैठा और सीधे पानी में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन मनाली, स्थानीय पुलिस और माउंटेनियरिंग की संयुक्त टीम तुरंत हरकत में आई। रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए 10 मिनट वाहन और 15 मिनट पैदल का कठिन रास्ता तय कर बेहद कम समय में घटनास्थल पर पहुँचकर मोर्चा संभाला।
इस रेस्क्यू अभियान में फायर, पुलिस और माउंटेनियरिंग टीम के कुल चार जांबाज जवानों ने हिस्सा लिया। जवानों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए भारी मशक्कत के बाद घायल युवक को पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। फायर विभाग के अनुसार, इस हादसे में किसी भी प्रकार का संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ है और टीम की मुस्तैदी से एक बहुमूल्य मानव जीवन को बचा लिया गया है। हादसे का शिकार हुए घायल युवक की पहचान सुधांशु, पुत्र कृष्ण सिंह, निवासी महेंद्रगढ़, हरियाणा के रूप में हुई है। रेस्क्यू के तुरंत बाद घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।




















