शिमला। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने युवाओं से नशे से दूर रहने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की है। वह विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में भाग लेने के लिए दिल्ली रवाना हो रहे हिमाचल प्रदेश के चयनित युवाओं को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने लोकभवन से 34 युवाओं के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से 9 से 12 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय युवा महोत्सव एवं विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग का आयोजन किया जा रहा है।. इस कार्यक्रम में देशभर से लगभग 3000 युवा हिस्सा लेंगे। हिमाचल प्रदेश से चयनित 34 युवा इसमें प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
भारत मंडपम में होगा राष्ट्रीय आयोजन
यह राष्ट्रीय स्तर का आयोजन नई दिल्ली के भारत मंडपम में किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री संग्रहालय और नेशनल वॉर मेमोरियल का भ्रमण कराया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें युवा हस्तियों और केंद्रीय मंत्रियों के साथ संवाद करने का अवसर भी मिलेगा। कार्यक्रम का समापन 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद की जयंती पर होगा, जिसमें प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी युवाओं को संबोधित करेंगे।
स्वस्थ शरीर से ही स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण : राज्यपाल
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ शरीर से ही स्वस्थ सोच का विकास संभव है और तभी देश के विकास में योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से नशे से बचते हुए राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने शब्द को ब्रह्म बताते हुए युवाओं से बौद्धिक विकास पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया।
बौद्धिक विकास से ही योजनाओं का मिलेगा लाभ
राज्यपाल ने कहा कि सरकार की योजनाएं आम जनता के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए बनाई जाती हैं, लेकिन इनका वास्तविक लाभ तभी मिलता है जब नागरिकों का बौद्धिक स्तर भी सुदृढ़ हो। इस दिशा में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए युवाओं से विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ आगे बढ़ने को कहा।
My Bharat पोर्टल से हुआ युवाओं का चयन
उल्लेखनीय है कि इस कार्यक्रम के लिए युवाओं का चयन माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण के माध्यम से तीन प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन के आधार पर किया गया, जिसमें देशभर से लगभग 50 लाख युवाओं ने आवेदन किया था।




















