सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस. रविश की अध्यक्षता में जिला कुल्लू में ‘एकीकृत बागवानी विकास मिशन’ (Mission for Integrated Development of Horticulture) के तहत वर्ष 2026–27 की जिला वार्षिक कार्ययोजना को अंतिम रूप देने के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक में चालू वित्त वर्ष के लिए 853 लाख रुपये की जिला कार्ययोजना को स्वीकृति दी गई। इसमें बागवानी क्षेत्र के विस्तार, संरक्षित खेती, उच्च मूल्य वाली फसलों को प्रोत्साहन, फसलोत्तर प्रबंधन और आधुनिक तकनीकों के प्रयोग पर विशेष ध्यान दिया गया।उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए ताकि किसानों को अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने बागवानी और कृषि विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करने, किसानों को आधुनिक वैज्ञानिक खेती से जोड़ने और आय में वृद्धि सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इसके साथ ही उन्होंने इंटर क्रॉपिंग और फसल विविधीकरण को अपनाने, फसल बीमा योजनाओं में अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने तथा स्टोरेज और प्रोसेसिंग यूनिटों के निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाने की बात कही। उपायुक्त ने किसानों के व्यावहारिक अनुभव को बढ़ाने के लिए राज्य और बाहर एक्सपोज़र विज़िट आयोजित करने, व्यापक किसान जागरूकता शिविर चलाने और स्थानीय प्रशासनिक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में उपनिदेशक उद्यान राज कुमार, जिला प्रबंधक एलडीएम राजिंदर कुमार, सचिव एपीएमसी दीक्षित, जिला कृषि अधिकारी योग राज समेत उद्यान एवं कृषि विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





















