हमीरपुर। जिला हमीरपुर में लगातार बढ़ रहे तापमान और भीषण गर्मी के चलते वनाग्नि की घटनाओं में भारी इजाफा देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ दिनों के दौरान जिले में करीब 20 आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं, जिनसे लगभग 116 हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है। इन घटनाओं में वन विभाग की प्लांटेशन को करीब 6 लाख रुपये का नुकसान पहुंचा है। यह जानकारी अरण्यपाल हमीरपुर सर्किल निशांत मंडोत्रा ने दी।
उन्होंने बताया कि गर्मियों के मौसम में तापमान बढ़ने के साथ जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में वन विभाग पूरी तरह सतर्क है और आग पर नियंत्रण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी जंगल में आग लगने की घटना दिखाई दे तो तुरंत नजदीकी फायर स्टेशन या वन विभाग को इसकी सूचना दें। इसके अलावा प्रदेश के टोल फ्री नंबर 1800-180-1960 पर भी सूचना देकर आग पर समय रहते काबू पाने में सहयोग किया जा सकता है।
निशांत मंडोत्रा ने बताया कि अप्रैल, मई और जून का समय वनाग्नि की दृष्टि से सबसे संवेदनशील माना जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रदेशभर में करीब 2000 वन मित्रों की भर्ती की है। हमीरपुर सर्किल में भी लगभग 196 वन मित्र तैनात किए गए हैं, जिससे विभाग को अतिरिक्त मानव संसाधन उपलब्ध हुआ है। उन्होंने कहा कि इन वन मित्रों को जंगलों में फायर लाइन बनाने, सूखे पत्तों को साफ करने और आग लगने की स्थिति में स्थानीय स्तर पर तुरंत काबू पाने के लिए विशेष रूप से तैनात किया गया है ताकि जान-माल और प्रकृति के नुकसान को रोका जा सके।





















