लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन ने दारचा-शिंकुला मार्ग को भारी और हल्के दोनों प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए आधिकारिक तौर पर खोल दिया है। जिला दंडाधिकारी किरण भड़ाना ने बताया कि बीआरओ (BRO) की 126 आरसीसी टीम ने सड़क से बर्फ हटाने और क्लीयरेंस का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है, जिसके बाद अब यह मार्ग डबल-लेन यातायात के लिए तैयार है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर वाहनों का संचालन पूरी तरह से मौसम की स्थिति और पुलिस विभाग के प्रबंधन पर निर्भर करेगा। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी चालकों से आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।





















