पालमपुर, 9 मई: प्रदेश के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज सचिव सी. पालरासु ने आज पालमपुर का दौरा कर आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने शहीद कैप्टन विक्रम बतरा राजकीय डिग्री कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्र का बारीकी से निरीक्षण किया और प्रशासन को पारदर्शी व सुचारू चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।
निर्वाचन नियमों के कड़ाई से पालन के निर्देश
निरीक्षण के दौरान सी. पालरासु ने एसडीएम पालमपुर को निर्देश दिए कि स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्र की सुरक्षा और व्यवस्था में निर्वाचन आयोग के नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान सामग्री की सुरक्षा और मतगणना प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गर्मी को देखते हुए बुनियादी सुविधाओं पर जोर
सचिव ने खंड विकास अधिकारी (BDO) को सभी मतदान केंद्रों पर बिजली, पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से बढ़ती गर्मी का जिक्र करते हुए कहा कि मतदाताओं की सुविधा के लिए पेयजल के पर्याप्त इंतजाम और बैठने की समुचित व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर की जानी चाहिए।
अधिकारियों से लिया फीडबैक
इस दौरान उन्होंने चुनाव ड्यूटी में तैनात विभिन्न अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद किया और धरातल पर आ रही चुनौतियों का फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।



















