धर्मशाला : देश के विभिन्न राज्यों के 75 विश्वविद्यालयों की 70 टीमों की 320 महिला वेटलिफ्टर धर्मशाला पहुंची हैं। देवभूमि हिमाचल से शुरू हुआ देश भर की महिला वेटलिफ्टर का सफर ओलंपिक में जाकर रुकेगा।
यह बात केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के वाइस चांसलर प्रो. सत प्रकाश बंसल ने बुधवार को साई इंडोर स्टेडियम धर्मशाला में अखिल भारतीय इंटर जोनल महिला वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते कही।
उन्होंने कहा कि धर्मशाला में कई ऐसी महिला खिलाड़ी पहुंची हैं जो कि आगे जाकर ओलंपिक, कॉमन वेल्थ सहित इंटरनेशनल चैंपियनशिप में भाग लेंगी, जबकि कई खिलाड़ी ऐसी भी आई हैं, जो कि इंटरनेशनल इवेंटस में भाग ले चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय विश्वविद्यालय संघ हर वर्ष अखिल भारतीय प्रतियोगिताएं देश भर में आयोजित किया जाता है। केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश को पिछले 4 वर्षों से इन प्रतियोगिताओं की मेजबानी का मौका मिल रहा है।
अखिल भारतीय महिला भारोतोलन चैंपियनशिप आयोजन की जिम्मेवारी केंद्रीय विश्वविद्यालय को मिली है। इस प्रतियोगिता में मुख्य तौर पर ईस्ट नॉर्थ जोन और वेस्ट साउथ जोन होते हैं।
इससे पहले इंटर जोनल प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिसके 32 विजेता खिलाड़ी, जिनकी 10 कैटागिरी में प्रतियोगिता होगी, यानी 320 महिला खिलाड़ी यहां आई है। यहां से विजेता खिलाड़ी खेलो इंडिया में भाग लेंगी और जीतने के बाद यह खिलाड़ी इंटरनेशनल इवेंटस जैसे कि ओलंपिक गेम्स, कॉमन वेल्थ या फिर वर्ल्ड चैंपियनशिप में भाग लेंगी।
प्रो. बंसल ने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि देवभूमि में धर्मशाला में प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है और इसका अंतिम चरण ओलंपिक में जाकर रुकेगा। इस प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी ओलंपिक तक जाएंगे तथा इनमें से कई खिलाड़ी पहले ओलंपिक व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं।
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय इस बार अखिल भारतीय इंटर जोनल महिला भारोतोलन प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। तीन दिवसीय इन खेलों का आयोजन भारतीय विश्वविद्यालय संघ के सौजन्य से साईं इंडोर खेल परिसर में हुआ। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल मार्च पास्ट की सलामी ली और खेलों का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि अर्जुन पुरस्कार विजेता एवं कामन वैल्थ पदक विजेता विकास ठाकुर ने शिरकत की।
इस मौके पर कुलपति ने हर्ष जताते हुए कहा कि अखिल भारतीय विवि संघ के सौजन्य से केंद्रीय विश्वविद्यालय को लगातार चार साल से खेलों की मेजबानी का अवसर मिल रहा है। इस साल अखिल भारतीय इंटर जोनल महिला भारोतोलन प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेवारी मिली है। मुख्य रूप से दो जोन हैं, इस्ट नार्थ जोन और वेस्ट साउथ जोन। प्रतियोगिता में लगभग 320 प्रतिभागी आए हैं। इसके बाद वे खेलों इंडिया में भाग लेंगे और वहां से जीतने के बाद वह अंतरराष्ट्रीय खेलों में भाग लेंगे। लगभग 70 टीमें यहां पर आईं हैं 75 विश्वविद्यालय इसमें भाग ले रहे हैं। तीन दिन खेलें चलेंगी, 9 तारीख को खेलों का समापन होगा।