धर्मशाला।
हिमाचल में 10 जुलाई को होने वाले विधानसभा की तीन सीटों के उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने हमीरपुर और नालागढ़ सीट के लिए पहले ही अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया था। देहरा सीट पर फंसे पेंच को आज कांग्रेस हाईकमान ने सुलझाते हुए आज जारी सूची में प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी केसी वेणुगोपाल ने बताया कि देहरा सीट से कमलेश ठाकुर को अपना प्रत्याशी घोषित किया गया है। देहरा में अब कांग्रेस से कमलेश ठाकुर और भाजपा के होशियार सिंह के बीच मुकाबला होना है।
बताते चलें कि कमलेश ठाकुर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की धर्मपत्नी हैं और पिछले लम्बे समय से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती रहती हैं। देहरा से मुख्यमंत्री सुक्खू की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर पहली बार चुनाव लड़ेंगी। बताया जा रहा है कि टिकट के लिए दो बार हुए सर्वे में कमलेश ठाकुर का नाम टॉप पर चला हुआ था। इससे पहले कांग्रेस ने हमीरपुर से डॉ पुष्पेंद्र वीर और नालागढ़ से हरदीप सिंह बावा को प्रत्याशी घोषित किया है।