पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला नगर निगम चुनाव के रण में उतरकर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाएंगे। वे 14 मई को कांगड़ा और धर्मशाला के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क और रैलियां करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 12:30 बजे बैजनाथ के पंडोल रोड पर स्थानीय कार्यक्रम में शिरकत करेंगे और उसके बाद शाम 5:00 बजे धर्मशाला के कोतवाली बाजार स्थित सामुदायिक भवन में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे।
भाजपा नेताओं का मानना है कि अनुराग ठाकुर का युवाओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत जनाधार है जिससे पार्टी को चुनावों में बड़ी मजबूती मिलेगी। इस चुनाव में भाजपा केंद्र सरकार की विकास योजनाओं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन और पार्टी के स्थानीय विजन डॉक्यूमेंट को लेकर जनता के बीच जा रही है। राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेताओं की इस सक्रियता से स्थानीय स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह काफी बढ़ गया है और उन्होंने धर्मशाला में जनसभा की तैयारियां तेज कर दी हैं।



















