हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला की 82 ग्राम पंचायतों में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के दूसरे चरण के तहत आज सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक शुरू हो गई है, जो शाम 3 बजे तक जारी रहेगी। पंचायत चुनावों को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और मतदाता बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इसी चुनावी माहौल के बीच हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल अपनी धर्मपत्नी शीला धूमल और पोते जय आदित्य सिंह के साथ हमीरपुर मतदान केंद्र पहुंचे और अपना वोट डाला। इस अवसर पर परिवार के अन्य सदस्य भी उनके साथ मौजूद रहे और सभी ने लोकतंत्र के इस उत्सव में अपनी भागीदारी दर्ज की।
मतदान केंद्र पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल के पहुंचते ही स्थानीय लोगों और उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया। इस चुनाव में खास बात यह रही कि उनके पोते जय आदित्य सिंह ने जीवन में पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग किया और पहला वोट डालने के बाद वे काफी उत्साहित नजर आए। मतदान प्रक्रिया पूरी करने के बाद मीडिया से बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर धूमल ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में देश के प्रत्येक नागरिक को अनिवार्य रूप से भाग लेना चाहिए और अपने वोट की ताकत का उपयोग करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने हमीरपुर जिला की समस्त जनता से विशेष अपील करते हुए कहा कि सभी लोग समय रहते अपने-अपने मतदान केंद्रों पर जाकर अपने मत का प्रयोग अवश्य करें।

















