हमीरपुर जिला के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत री के वार्ड नंबर 1 (कंगरी) के ग्रामीणों ने पंचायती राज चुनाव का पूर्ण बहिष्कार किया है। सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने के बाद भी प्राथमिक पाठशाला कंगरी मतदान केंद्र पर सन्नाटा पसरा रहा और 288 मतदाताओं में से किसी ने भी वोट नहीं डाला।
ग्रामीणों का मुख्य विरोध इस बात पर है कि उन्हें अपने वर्तमान पंचायत घर तक पहुँचने के लिए 25 किलोमीटर का लंबा सफर तय करना पड़ता है। वे लंबे समय से सरकार से उन्हें ख्याह पंचायत में शामिल करने की गुहार लगा रहे हैं। इसके साथ ही क्षेत्र में सालों से कोई विकास कार्य नहीं हुआ है और दर्जनों समस्याएं लंबित पड़ी हैं। ग्रामीणों ने मतदान की तिथियां घोषित होने से पहले ही प्रशासन को इस बारे में लिखित में अवगत करवा दिया था। उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांग को जल्द पूरा नहीं किया, तो वे आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों का भी पूरी तरह से बहिष्कार करेंगे।



















