स्पोर्ट्स सिटी धर्मशाला स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के केंद्र में रविवार को ‘संडेस ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का ७५वां संस्करण बेहद धूमधाम से आयोजित किया गया। इस विशेष आयोजन में राष्ट्रमंडल खेलों (कॉमनवेल्थ गेम्स) की स्वर्ण पदक विजेता बबीता फोगाट ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। ‘स्टार्ट ऑफ कॉमनवेल्थ गेम्स-२०३०’ की थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में बच्चों, स्थानीय युवाओं और एसएसबी के जवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। फिटनेस के प्रति जन-जागरूकता फैलाने और साल २०३० में भारत में प्रस्तावित राष्ट्रमंडल खेलों के लिए जनसमर्थन तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित इस रैली में डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा ने खुद भी साइकिल चलाई। उपायुक्त ने बताया कि देश में आगामी खेलों के मद्देनजर ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के अंतर्गत पूरे देश में ‘संडेस ऑन साइकिल’ जैसे प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर खिलाड़ियों और प्रतिभागियों को योग का अभ्यास भी करवाया गया ताकि वे मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रह सकें। कार्यक्रम के दौरान फिट इंडिया एंबेसडर दीपक मिश्रा और भारतीय खेल प्राधिकरण चंडीगढ़ के क्षेत्रीय निदेशक शैलेंद्र कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। धर्मशाला साई सेंटर में खेल सुविधाओं का जायजा लेते हुए मुख्य अतिथि बबीता फोगाट ने पिछले कुछ वर्षों में आए बड़े बदलावों की जमकर सराहना की। उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए भावुक अंदाज में कहा कि एक समय था जब खिलाड़ियों को खुद अपने कमरों में खाना बनाना पड़ता था, जिससे उनका कीमती समय और ऊर्जा प्रभावित होती थी। लेकिन आज खेल केंद्रों की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है और अब खिलाड़ियों के लिए बकायदा पेशेवर शेफ और कुक की सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो उनकी डाइट का पूरा ध्यान रखते हैं। उन्होंने देवभूमि हिमाचल की सुंदरता की तारीफ करते हुए विशेषकर महिला खिलाड़ियों को प्रेरित किया और उन्हें पूरे समर्पण के साथ अपने खेल लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की नसीहत दी।














