हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल कविंद्र गुप्ता से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान भाजपा ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर कांग्रेस सरकार पर पंचायतीराज और नगर निकाय चुनावों में नियमों को तोड़-मरोड़ कर चुनावी प्रक्रिया को हाईजैक करने का आरोप लगाया। डॉ. बिंदल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस सरकार जनता के गुस्से और अपनी तय हार से घबराकर बैकडोर से चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये चुनाव बिना किसी राजनीतिक दल के चुनाव चिन्ह के लड़े जाते हैं, फिर भी सरकार लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और संविधान के खिलाफ जाकर इसमें अनावश्यक हस्तक्षेप कर रही है।



















