बेंगलुरु: हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उप-मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार से मुलाकात की। इस बैठक में दोनों राज्यों के बीच विकास परियोजनाओं, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और जन कल्याणकारी योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। विक्रमादित्य सिंह ने हिमाचल की सड़कों को और अधिक बेहतर बनाने के लिए कर्नाटक में इस्तेमाल होने वाली नवीनतम सड़क निर्माण तकनीक की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जल्द ही हिमाचल के वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम कर्नाटक के सफल अर्बन मॉडल्स और अधोसंरचना निर्माण का अध्ययन करने बेंगलुरु जाएगी। बैठक के दौरान दोनों राज्यों ने एक-दूसरे की सफल नीतियों को समझने और उन्हें लागू करने पर सहमति जताई। इस अवसर पर विक्रमादित्य सिंह ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को हिमाचल आने का न्योता भी दिया। इसके बाद उन्होंने उप-मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार से मिलकर प्रदेश हित के विभिन्न मुद्दों पर सार्थक चर्चा की।



















