शिमला। हिमाचल प्रदेश के लोकायुक्त न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) चंद्र भूषण बरोवालिया ने आज लोकभवन में राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें लोकायुक्त कार्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन (Annual Report) सौंपा। इस दौरान दोनों के बीच संस्था की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोकायुक्त की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने में इस संस्था का बड़ा योगदान है। राज्यपाल ने भरोसा जताया कि लोकायुक्त भविष्य में भी पूरी निष्पक्षता और जनविश्वास के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करता रहेगा।
वहीं, लोकायुक्त न्यायमूर्ति बरोवालिया ने राज्यपाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था आम जनता की शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी निपटारे के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


















