शिमला: हिमाचल प्रदेश के छात्रों को उनके ही क्षेत्र में बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशों पर शिक्षा विभाग अब प्रदेश के सभी नव-संबद्ध (newly affiliated) 156 सीबीएसई (CBSE) स्कूलों में आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स तीनों स्ट्रीम शुरू करने के अंतिम चरण में है।
मुख्यमंत्री द्वारा मांगी गई एक विस्तृत रिपोर्ट में यह बात सामने आई थी कि इन 156 स्कूलों में से 18 स्कूल ऐसे हैं जहां तीनों स्ट्रीम की सुविधा नहीं थी। इनमें से कुछ स्कूलों में कॉमर्स तो कुछ में साइंस स्ट्रीम नहीं थी। मुख्यमंत्री सुक्खू ने इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए विभाग को तुरंत सभी स्ट्रीम शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
इन 18 स्कूलों में जल्द जारी होगी अधिसूचना:
जिन 18 स्कूलों में नए स्ट्रीम शुरू किए जा रहे हैं, उनमें किहार, बरा, बड़सर, बटराण, सोहारी, चढियार, कुंसल, लोहारडी, सलेटी, कोलनी धलवान, अपर लम्बागांव, निचार, सराहन (कुल्लू), बलदेयां, सैंज, ननखड़ी, कफोटा और बढेरा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (GSSS) शामिल हैं। शिक्षा विभाग ने इसके लिए सभी कागजी और प्रक्रियात्मक औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं, और जल्द ही इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को इन सभी संस्थानों में आवश्यक शिक्षण और अन्य स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं ताकि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो। सरकार के इस फैसले से विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को उनके घर के पास ही मनपसंद विषय पढ़ने का मौका मिलेगा।