हमीरपुर: जिला के अंतर्गत टौणी देवी की ग्राम पंचायत टपरे के गांव नौहगी के 26 वर्षीय जवान अभिषेक कुमार को रविवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। सुबह जब उनकी पार्थिव देह पैतृक गांव पहुंची, तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। तिरंगे में लिपटे बेटे को देख परिजनों की चीख-पुकार से माहौल बेहद भावुक और गमगीन हो गया।
अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव देह को कुछ समय तक घर के आंगन में रखा गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों और आसपास के लोगों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद अंतिम यात्रा श्मशान घाट के लिए निकाली गई। “भारत माता की जय” और “तेरा वैभव अमर रहे मां” के गगनभेदी नारों के बीच पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान हर व्यक्ति की आंखें नम थीं। मृतक के बड़े भाई अरुण ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पार्थिव देह को मुखाग्नि दी।
जानकारी के अनुसार, अभिषेक कुमार काला पीलिया (जॉन्डिस/हेपेटाइटिस) से पीड़ित थे और उनका उपचार दिल्ली के आर्मी आरआर अस्पताल में चल रहा था। शनिवार सुबह उन्होंने वहीं अंतिम सांस ली। महज 26 वर्ष की आयु में उनका निधन परिवार और क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। आपको बता दें कि अभिषेक कुमार वर्ष 2017 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और देश सेवा में सक्रिय रूप से अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे थे। वर्ष 2024 में उनका विवाह निकिता से हुआ था।




















