पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कांगड़ा एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने और पेपर लीक मामलों को केंद्र सरकार की बड़ी नाकामी बताया है। धर्मशाला में होने वाले IPL 2026 मुकाबले से पहले पंजाब किंग्स टीम का हौसला बढ़ाने पहुंचे मुख्यमंत्री ने “पेपर फूटा, सपना टूटा” का नारा देते हुए कहा कि देश का सिस्टम एक परीक्षा भी सही तरीके से नहीं करवा पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों गरीब और मध्यमवर्गीय बच्चे डॉक्टर बनने का सपना लेकर दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन बार-बार पेपर लीक होने से उनका दिल टूट जाता है।
भगवंत मान ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जहां भी डबल इंजन या ट्रिपल इंजन सरकारें हैं, वहीं यह पेपर लीक माफिया सबसे ज्यादा पनप रहा है। उन्होंने साल 2017, 2021, 2024 और अब 2026 में हुई ऐसी घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि हर बार सीबीआई जांच और गिरफ्तारियां होती हैं, लेकिन आरोपी कुछ समय बाद बेल पर बाहर आकर फिर सक्रिय हो जाते हैं। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा और कहा कि प्रधानमंत्री देश की जनता पर तरह-तरह की पाबंदियां लगाकर खुद विदेश दौरों पर निकल गए हैं, जबकि उन्हें जनता को देश की असल आर्थिक और तेल की स्थिति के बारे में सच बताना चाहिए।





















