हमीरपुर: जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुमन भारती ने हमीरपुर में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान अवैध खनन मामले को लेकर निर्दलीय विधायक आशीष शर्मा पर तीखा हमला बोला है। सुमन भारती ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि इस मामले में एफआईआर दर्ज होने से पहले संबंधित भूमि या संपत्ति का मालिकाना हक किसके पास था, इसकी गहनता से जांच की जाए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर क्यों इस संपत्ति को बाद में दूसरे लोगों के नाम पर ट्रांसफर किया गया, इसके पीछे की पिछली कहानी सामने आना बेहद जरूरी है।
विधायक द्वारा सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से नकारते हुए सुमन भारती ने कहा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में पूरी निष्पक्षता से काम कर रहा है। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि विधायक ने इस सारे प्रकरण में अपने भाई और चाचा तक को नहीं बख्शा, जिसके कारण उन्हें जेल जाना पड़ा। भारती ने स्पष्ट किया कि विधायक का यह कहना कि सरकार ने उन्हें गलत तरीके से फंसाया है, सरासर झूठ है क्योंकि पुलिस ने तथ्यों के आधार पर ही कार्रवाई की है। उन्होंने याद दिलाया कि इससे पहले हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से भी आरोपियों की जमानत याचिकाएं खारिज हो चुकी हैं, जिसमें सरकार की कोई भूमिका नहीं थी।
विधायक के ‘संकीर्ण मानसिकता’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि असल में संकीर्ण मानसिकता उन लोगों की है जो कानून का सम्मान नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायक अपनी भड़ास निकालने के लिए सरकार पर झूठे आरोप मढ़ रहे हैं। सुमन भारती ने जोर देते हुए कहा कि मामला अभी न्यायालय के अधीन है और कानून से ऊपर कोई नहीं है, इसलिए कानून को अपना काम करने देना चाहिए।
















