सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। धर्मशाला के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता विपिन सिंह परमार ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, जलशक्ति विभाग में भ्रष्टाचार और सड़कों की दुर्दशा कांग्रेस सरकार की लगातार विफलताओं का प्रमाण हैं। परमार ने बताया कि धर्मशाला क्षेत्रीय अस्पताल में आयुष्मान भारत और हिमकेयर जैसी महत्वाकांक्षी योजनाएं अब केवल कागजों तक सीमित रह गई हैं और गंभीर बीमारियों के मरीजों को ऑपरेशन और दवाइयों के लिए खुद पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिविल सप्लाई कॉरपोरेशन का लगभग 40 लाख रुपये का लंबित भुगतान दवाइयों और उपकरणों की आपूर्ति बाधित करने का कारण बना है।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/dharamshala-mla-sudhir-sharma-again-targets-cm/
पूर्व मंत्री ने जलशक्ति विभाग में पाइप खरीद से जुड़े घोटालों को भी गंभीर बताया। उनका कहना था कि कच्चा माल सस्ती दरों पर खरीदकर महंगी दरों पर आपूर्ति की गई और नियमों की अनदेखी कर कंपनियों को अनुचित लाभ दिया गया। परमार ने इसे सुनियोजित भ्रष्टाचार करार दिया और सवाल उठाया कि जब मार्च-जून के बीच कच्चे माल की कीमतें घट रही थीं, तब ऊंची दरों पर भुगतान क्यों किया गया। सड़कों की स्थिति पर भी विपिन सिंह परमार ने कांग्रेस सरकार की नाकामी उजागर की। उन्होंने लोक निर्माण मंत्री के हालिया बयान का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश की लगभग 20 प्रतिशत सड़कें बार-बार क्षतिग्रस्त हो रही हैं और अब मरम्मत के लिए “नई आधुनिक तकनीकों” का सहारा लिया जा रहा है। परमार ने इसे सरकार की विफलता का स्पष्ट संकेत बताया।
उन्होंने अफसरशाही और प्रशासनिक कमजोरी की ओर भी ध्यान दिलाया। मंत्री के बयान कि कुछ IAS और IPS अधिकारी हिमाचल के हित और संस्कृति को नहीं समझ पा रहे, यह दिखाता है कि प्रदेश की नीतियां ऐसे अधिकारियों के हाथों में हैं जिन्हें हिमाचल की भौगोलिक संवेदनशीलता और जरूरतों का ज्ञान नहीं है। परमार ने कहा कि यही वजह है कि अस्पतालों में दवाइयां गायब हैं, विभागों में घोटाले हो रहे हैं और सड़कें भी सुरक्षित नहीं हैं।
भाजपा नेता ने चेतावनी दी कि अगर कांग्रेस सरकार ने स्वास्थ्य, जलशक्ति और सड़क विभागों की समस्याओं को तुरंत हल नहीं किया, तो पार्टी **सड़कों से लेकर सदन तक आंदोलन** करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस के खोखले दावों और नाकामियों को भली-भांति समझ चुकी है और जवाबदेही की मांग करेगी।





















