धर्मशाला। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में धर्मशाला के खूबसूरत हाई एल्टीट्यूड मैदान पर होने वाले आगामी मुकाबले से पहले क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर है। मैच की पूर्व संध्या पर गुजरात टाइटन्स (GT) के असिस्टेंट कोच विजय दहिया ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि दोनों टीमों की बल्लेबाजी और गेंदबाजी बेहद संतुलित है, जिससे यह मुकाबला काफी रोमांचक होने वाला है। उन्होंने बताया कि दोनों ही टीमें इस पूरे सीजन में लगातार रन बना रही हैं और बेहतरीन तालमेल के साथ गेंदबाजी कर रही हैं, जो कि मैच की असली जान होती है।
कोच विजय दहिया ने तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की तारीफ करते हुए कहा कि वे हर गेंद पर बारीकी से काम कर रहे हैं और मैच की स्थिति को समझते हुए गेंदबाजी कर रहे हैं, जिसमें उन्हें आशीष नेहरा से भी काफी मदद मिल रही है। धर्मशाला का मैदान अधिक ऊंचाई पर होने के कारण दोनों टीमों के लिए एक अलग चुनौती पेश करेगा। यहाँ स्पिनर्स के लिए पिच में बहुत कुछ करने के लिए नहीं है, लेकिन दोनों टीमों के पास अनुभवी स्पिनर मौजूद हैं, जिसका लाभ उन्हें जरूर मिलेगा। इसके साथ ही विराट कोहली, शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने आईपीएल मैचों की मांग के अनुसार अपनी तकनीक में बेहतरीन बदलाव किया है।
विजय दहिया ने स्टार स्पिनर राशिद खान का जिक्र करते हुए कहा कि सर्जरी और उसके बाद के दो सीजन उनके लिए ठीक नहीं रहे थे, लेकिन इस सीजन में उन्होंने गेंदबाजी और फील्डिंग सहित हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किया है। मुश्किल समय में भी गुजरात टाइटन्स ने उनका पूरा साथ बनाए रखा। उन्होंने अंत में कहा कि दोनों टीमों के कई खिलाड़ी पहले भी यहाँ खेल चुके हैं और परिस्थितियों से वाकिफ हैं। इस मुकाबले में शुरुआती पावरप्ले के दौरान मिलने वाली स्विंग और दोनों टीमों का टॉप ऑर्डर ही मैच की जीत-हार को तय करने में सबसे बड़ी भूमिका निभाएगा।



















