हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया के आखिरी दिन प्रत्याशियों में भारी उत्साह देखा गया। 11 मई को नामांकन के अंतिम दिन विभिन्न पदों के लिए 7,194 नामांकन पत्र भरे गए, जिसके बाद तीनों दिनों का कुल आंकड़ा बढ़कर 19,748 तक पहुंच गया है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन ठाकुर ने बताया कि अंतिम दिन प्रधान पद के लिए 1,406, उपप्रधान के लिए 1,597 और वार्ड सदस्यों के लिए 3,441 पर्चे दाखिल हुए, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद के लिए क्रमशः 616 और 134 उम्मीदवारों ने दावेदारी पेश की।
पूरी प्रक्रिया के दौरान अब तक प्रधान पद के लिए कुल 3,860 और उपप्रधान पद के लिए 4,219 नामांकन प्राप्त हुए हैं। वहीं, वार्ड सदस्य पद के लिए सबसे अधिक 9,799 लोगों ने रुचि दिखाई है। प्रशासन अब 12 मई को इन सभी नामांकन पत्रों की बारीकी से जांच करेगा। उम्मीदवारों के पास 14 और 15 मई को अपना नाम वापस लेने का समय होगा, जिसके बाद चुनावी मैदान में डटे अंतिम प्रत्याशियों की सूची सार्वजनिक की जाएगी। जिला के सभी विकास खंडों में इस चुनावी उत्सव को लेकर जबरदस्त गहमागहमी बनी हुई है।





















