धर्मशाला में मई 2026 में होने वाले तीन महत्वपूर्ण आईपीएल मैचों की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन तैयारियों को सुदृढ़ बनाने के लिए जिला प्रशासन कांगड़ा ने आज क्रिकेट स्टेडियम में ‘ड्रोन इंट्रूजन’ और ‘एयरस्पेस थ्रेट’ पर केंद्रित दूसरी मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया। ईओसी इंचार्ज रोबिन कुमार की देखरेख में आयोजित इस अभ्यास में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, होमगार्ड और शिक्षा विभाग सहित विभिन्न संबंधित एजेंसियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस ड्रिल का मुख्य उद्देश्य मैचों के दौरान स्टेडियम के हवाई क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी संदिग्ध ड्रोन गतिविधि या आपातकालीन स्थिति में सभी विभागों के बीच त्वरित समन्वय और प्रतिक्रिया प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाना है।


















