जिला दंडाधिकारी कांगड़ा हेमराज बैरवा ने 30 अप्रैल 2026 को नेता विपक्ष राहुल गांधी और माननीय राष्ट्रपति के प्रस्तावित जिला दौरे के मद्देनजर सुरक्षा की दृष्टि से हवाई गतिविधियों पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत जारी इन आदेशों के अनुसार कांगड़ा, धर्मशाला और शाहपुर उपमंडलों में पैराग्लाइडिंग, ड्रोन उड़ान और हॉट एयर बैलूनिंग सहित सभी एयरो स्पोर्ट्स गतिविधियां पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगी। इसके अतिरिक्त पालमपुर और बैजनाथ उपमंडलों में राष्ट्रपति के चौधरी सरवण कुमार कृषि विश्वविद्यालय दौरे के चलते सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक हवाई गतिविधियों पर रोक रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वीवीआईपी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है और केवल पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसियों को ही पूर्व सूचना के आधार पर निगरानी हेतु ड्रोन इस्तेमाल की विशेष छूट दी गई है।




















