नूरपुर :नूरपुर की राजनीतिक सियासत में महिला आरक्षण बिल को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी विधायक रणवीर सिंह निक्का ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर जोरदार हमला बोलते हुए कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया।
विधायक रणवीर सिंह निक्का ने दो टूक शब्दों में कहा कि आने वाले समय में मातृ शक्ति कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को मुंहतोड़ जवाब देगी। उन्होंने महिला आरक्षण बिल को महिलाओं को राजनीति में सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया, वहीं कांग्रेस पर इस मुद्दे पर भी विरोध की राजनीति करने का आरोप लगाया।
निक्का ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं के अधिकारों को लेकर सिर्फ दिखावटी राजनीति की है, जबकि उन्हें मजबूत करने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई। उन्होंने आगे कहा कि देश और प्रदेश की महिलाएं अब पूरी तरह जागरूक हो चुकी हैं और वे समझती हैं कि कौन उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए वास्तविक प्रयास कर रहा है।
बीजेपी विधायक ने कहा कि आने वाले चुनावों में यही मातृ शक्ति कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को करारा जवाब देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि जब-जब महिलाओं को अधिकार देने की बात आई, कांग्रेस ने उसमें बाधा डालने का काम किया, लेकिन अब समय बदल चुका है और महिलाएं अपने अधिकारों के लिए खुद खड़ी हो रही हैं।
निक्का ने यह भी कहा कि महिला आरक्षण बिल के माध्यम से भविष्य में बड़ी संख्या में महिलाएं राजनीति में आएंगी और देश व प्रदेश की दिशा और दशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगी।
इस बयान के बाद नूरपुर में सियासी पारा चढ़ गया है और महिला आरक्षण बिल को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीचT बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।



















