घुमारवीं (बिलासपुर), 18 अप्रैल:* नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज घुमारवीं के प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक चैहड़ दंगल के समापन कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
इस अवसर पर चैहड़ दंगल आयोजन समिति को सफल आयोजन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि घुमारवीं का चैहड़ एक ऐतिहासिक और प्रसिद्ध दंगल है। जिसमें भाग लेने के लिए दूर-दूर से पहलवान यहां पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि पहलवानों की सुविधा के लिए कमरे के निर्माण कार्य एवं अन्य सुविधाओं के लिए प्राप्त प्राकक्कलन के अनुसार 27 लाख रूपये की राशि स्वीकृत कर निर्माण एजेंसी हिमुडा को हस्तांतरित कर दिया गया है। उन्होंने आज चैहड़ दंगल स्थल की ओर आने वाली संपर्क सड़क के निर्माण कार्यों के लिए भी 20 लाख रूपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन दोनों विकास कार्यों को अगले दंगल से पूर्व पूर्ण कर लिया जाएगा।
इससे पहले चैहड़ दंगल आयोजन समिति के अध्यक्ष जोगिन्द्र सिंह चंदेल सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुख्यातिथि का स्वागत किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक सुभाष ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
















