केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर शनिवार को एकदिवसीय प्रवास के दौरान कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के थानाकलां पहुंचे। जहां उन्होंने कुटलैहड़ भाजपा द्वारा आयोजित किए गए त्रिदेव सम्मेलन में सहभागिता की और पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा सहित आगामी कार्यक्रमों से अवगत करवाया। इससे पूर्व भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री का गर्म जोशी से स्वागत किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने जहां एक तरफ केंद्र की मोदी सरकार के 10 साल के कार्यकाल को जमकर सराहा वहीं दूसरी तरफ प्रदेश की कांग्रेस सरकार को भी उन्होंने लपेटे में लिया।
केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर शनिवार को जिला ऊना के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के थानाकलां में एकदिवसीय प्रवास पर पहुंचे। भाजपा द्वारा आयोजित किए गए त्रिदेव सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए केंद्रीय मंत्री ने पार्टी की योजनाओं और क्रियाकलापों से कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ पदाधिकारियों को अवगत करवाया। इस मौके पर उन्होंने केंद्र सरकार की 10 साल की उपलब्धियां सहित हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में किए गए सभी विकास कार्य भी गिनवाए। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि जिनके पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा सशक्त नेतृत्व और 10 साल का विकासशील इतिहास हो वह पार्टी सदैव चुनाव में आने के लिए लालायित रहती है।
दूसरी तरफ प्रदेश सरकार द्वारा केंद्र पर लगाए जा रहे हैं आरोपों के संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस की सरकार को रोने की आदत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में बाढ़ के रूप में आई भारी आपदा के दौरान केंद्र सरकार ने यथासंभव हिमाचल प्रदेश की मदद की यहां तक की राहत टीमों को भेजा गया हेलीकॉप्टर यहां पर तैनात किए गए। इतना ही नहीं भारी भरकम नुकसान की भरपाई के लिए केंद्र सरकार ने खुद कई मोर्चो पर कमान संभाली है। इसके अतिरिक्त आर्थिक रूप से भी हिमाचल प्रदेश को मदद दी गई लेकिन यदि अब भी कांग्रेस के नेता और सरकार के पदाधिकारी इस तरह के राग अलाप रहे हैं तो वह निश्चित रूप से अपनी गलतियों को छुपाने के लिए जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन जनता सच जान चुकी है और कांग्रेस को जवाब देने के लिए लोकसभा चुनाव का इंतजार किया जा रहा है।