देहरा गोपीपुर (कांगड़ा)।
प्रदेश कांग्रेस सचिव एवं देहरा उपचुनाव में कांग्रेस मीडिया प्रभारी पुनीत मल्ली ने कहा कि देहरा का भाग्य उदय होने वाला है। राज्य सरकार देहरा में सरकारी कार्यालय खोलने पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू देहरा के बनखंडी में 650 करोड़ की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर का जू बनाने जा रही है, जिसका निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। देहरा विधानसभा क्षेत्र के बनखंडी में जू बनाने का उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देना है।
पुनीत मल्ली ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बरसों से चली आ रही पौंग बांध विस्थापितों की समस्याओं को हल करने की बात कही है, जिससे सैकड़ों विस्थापितों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि अच्छा होता होशियार सिंह देहरा के विकास के लिए मुख्यमंत्री से मिलते, लेकिन वह हमेशा अपने रिजार्ट के विकास के लिए मिलते थे। उन्होंने देहरा की जनभावनाओं का सौदा किया और भाजपा की राजनीति मंडी में बिक गए। भाजपा के दबाव के चलते ही तीनों निर्दलियों विधायकों ने अपनी विधायकी को छोड़ा। जो भाजपा के ईमानदार कार्यकर्ताओं को भी रास नहीं आ रहा है।
उन्होंने कहा कि होशियार सिंह देहरा की जनता को बताएं कि अगर विपक्ष में ही बैठना था तो दोबारा चुनाव क्यों करवा रहे हैं। आजाद विधायक रहते हुए भी वह भाजपा के साथ बैठ सकते थे, लेकिन भाजपा के दबाव में आकर निर्दलीय विधायकों ने उपचुनाव जनता पर थोपा है। इसलिए देहरा की जनता होशियार सिंह को सबक सिखाएगी। पुनीत मल्ली ने कहा कि यह चुनाव ईमानदारी और बेईमानी के बीच लड़ाई है और लोकतंत्र को मजबूत बनाने की लड़ाई है।
उन्होंने भाजपा प्रत्याशी होशियार सिंह पर जोरदार प्रहार करते हुए कहा कि धरतीपुत्र पुत्र कहलाने वालों का खुद का जन्म मुंबई में हुआ है, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी देहरा की बेटी हैं, जिनका जन्म और पढ़ाई सब देहरा में हुई है। मुख्यमंत्री प्रदेश के भविष्य को संवारने के लिए कामनाएं कर रहे थे, लेकिन पूर्व निर्दलीय विधायक कौन सा राग अलाप रहे थे देहरा की जनता अच्छी तरह से जानती है। उनके राज लोगों से छिपे नहीं हैं। होशियार सिंह ने यदि 14 महीने में निजी हित की बजाए जनहित को सर्वोपरि रखा होता तो देहरा आज कहां का कहां पहुंच गया होता।