देशभर के विभिन्न राज्यों जैसे बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश से आए लगभग 100 युवा एक सप्ताह के लिए हिमाचल प्रदेश के किन्नौर पहुंचे हैं। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘माई भारत’ (MY Bharat) द्वारा आयोजित इस “विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम–2026” का शुभारंभ रिकांगपिओ में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के बेस कैंप में हुआ। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान युवाओं को पारंपरिक हिमाचली टोपी और खतक भेंट कर सम्मानित किया गया और उन्हें जरूरी सामग्री की किट दी गई।
स्थानीय लोगों और सुरक्षा कर्मियों से सीधा संवाद
एक हफ्ते के इस दौरे में ये युवा किन्नौर के अलग-अलग गांवों का दौरा करेंगे। वे वहां के स्थानीय लोगों, ग्राम पंचायतों, स्थानीय प्रशासन और सीमा पर तैनात सुरक्षा कर्मियों से सीधे बातचीत करेंगे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को किन्नौर की अनूठी संस्कृति, रहन-सहन, खान-पान, ऐतिहासिक विरासत और इस सीमावर्ती क्षेत्र के रणनीतिक व सामरिक महत्व से रूबरू कराना है। इस तरह के आयोजनों से देश के विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों से आए युवाओं को एक-दूसरे को समझने का मौका मिलता है, जिससे ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना और राष्ट्रीय एकता मजबूत होती है।
















