कुल्लू। जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अवैध अफीम की खेती पर एक और बड़ा प्रहार किया है। पुलिस टीमों ने जिला के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुल 25,210 अफीम के अवैध पौधे बरामद कर उन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस संबंध में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस थाना बंजार में दो और पुलिस थाना पतलीकुहल में एक मामला दर्ज किया गया है। मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 18 के तहत कुल 03 अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामलों की गहन जांच शुरू कर दी है।
इस बड़ी कार्रवाई के तहत पुलिस थाना बंजार की टीम ने सराची गाँव के समीप खेतों में उगाए गए लगभग 23,690 अफीम के अवैध पौधे बरामद कर नष्ट किए, जबकि पुलिस थाना पतलीकुहल की टीम ने थिन्चपाल क्षेत्र में लगभग 1,520 अफीम के अवैध पौधे नष्ट किए। पुलिस अब इस अवैध खेती में संलिप्त मुख्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी है ताकि उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा सके। जिला कुल्लू पुलिस मादक पदार्थों के खिलाफ अपनी इस मुहिम को निरंतर जारी रखे हुए है और उन्होंने आम जनता से भी इस अभियान को सफल बनाने के लिए पुलिस का सहयोग करने की पुरजोर अपील की है।
रिपोर्ट: प्रिया शर्मा, कुल्लू।


















