मंडी: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकार के इशारे पर नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को परेशान करने वाले अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारी मर्यादाएँ लाँघकर जनप्रतिनिधियों को प्रताड़ित कर रहे हैं, जो उन्हें बहुत महंगा पड़ेगा। अधिकारी नियम-क़ानून के दायरे में रहकर काम करें और जनमत का सम्मान करें, क्योंकि उनका इस सरकार के साथ भविष्य जोड़ना ठीक नहीं है। बुधवार को थुनाग में सराज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों और जिला परिषद वार्डों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से भेंट एवं संवाद के दौरान उन्होंने यह बातें कहीं।
उन्होंने खौली, लंबाथाच, शिल्हीबागी, गत्तू, संगलवाड़ा, खारशी, बागाचनोगी सहित ब्रयोगी, रोड एवं मझोठी के नवनिर्वाचित सदस्यों को शानदार विजय की बधाई दी। इस दौरान करसोग विधानसभा के चारों जिला परिषद वार्डों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की प्रचंड जीत के बाद नवनिर्वाचित सदस्यों ने विधायक दीप राज की अध्यक्षता में और विकास खंड जंजैहली के भाजपा समर्थित सदस्यों ने भी नेता प्रतिपक्ष से विशेष मुलाकात की। जयराम ठाकुर ने सभी जनप्रतिनिधियों में जोश भरते हुए कहा कि जनता का निर्णय सर्वोपरि है और सभी को इस जनमत का आदर करना चाहिए। उन्होंने सदस्यों को पूरी निष्ठा से विकास में जुटने का आह्वान करते हुए भरोसा दिलाया कि वे हर मोड़ पर उनके साथ खड़े हैं और विकास कार्यों में बाधा नहीं आने दी जाएगी।

















