चंडीगढ़ : भारत सरकार ने एक विशेष अभियान ‘3.0’ लोकार्पित किया है जो गत दो अक्तूबर को शुरू हुआ और 31 अक्तूबर, 2023 तक चलेगा। वर्ष 2021 और 2022 में भी ऐसे सफल आयोजनों के बाद इस वर्ष यह अभियान स्वच्छता और सभी संबंधित क्रियाकलापों को पूर्ण करने की दिशा में उन्हें पटरी पर लाने को समर्पित है। वर्ष 2022 में चलाए गए ऐसे विशेष अभियान को राष्ट्रव्यापी सफलता प्राप्त हुई थी जिसमें लाख से भी अधिक सरकारी कार्यालयों को सम्मिलित किया गया था और उसमें संयुक्त रूप से करीब 89.8 लाख वर्ग फुट कार्यालयीन स्थलों का बेहतर इस्तेमाल संभव हो पाया था।
इस वर्ष विशेष अभियान 2023 में प्रत्येक मंत्रालय और विभाग के अधीन आते सभी कार्यालयों में परिपूर्ण स्वच्छता का विकट लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके मुख्य मंतव्यों में सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता का स्तर बढ़ाया जाना और इन प्रतिष्ठानों के साथ बेहतर जन अनुभव सुनिश्चित करना है। इस अभियान का दायरा अकेले स्वच्छता तक सीमित नहीं, बल्कि इसमें स्थलों की समुचित उपादेयता सुनश्चित करते हुए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर वहां कामकाजी माहौल को अधिक उत्पादक बनाने के महत्व को प्रतिपादित करने का भी है, विशेषतया कार्यालयीन कामकाज से इतर कार्यालयों के लिहाज से। चंडीगढ़ प्रशासन इन राष्ट्रव्यापी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य कर रहा है और उसने इस दिशा में कारगर कदम पहले ही उठा लिए हैं। इस क्षेत्र के सभी सरकारी कार्यालयों में साफ-सफाई का काम जारी है और शिकायतों के निवारण की दिशा में ‘सीपी ग्राम पोर्टल’ के माध्यम से क्रियाकलाप शुरू कर दिए गए हैं। ऐसी 600 से अधिक शिकायतों में से 250 शिकायतों का सफल निवारण भी कर दिया गया है।