सिद्धविनायक टाइम्स शिमला। भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि भाजपा को एक युवा, ऊर्जावान और संगठनात्मक रूप से मजबूत नेतृत्व प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना इस बात का प्रतीक है कि भाजपा ऐसी एकमात्र पार्टी है जहां किसी परिवार विशेष से संबंध होना आवश्यक नहीं है और एक सामान्य कार्यकर्ता भी मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा के जरिए शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच सकता है। कटवाल ने बताया कि भाजपा की यह विशेषता ही है कि यहां से साधारण परिवार का व्यक्ति प्रधानमंत्री बन सकता है और कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद तक पहुंच सकता है।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/promise-unfulfilled-women-still-waiting-for-their-dues-daisy-thakur/
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि भाजपा ने हमेशा युवा शक्ति पर भरोसा किया है और संगठन के भीतर नेतृत्व निर्माण की प्रक्रिया में यह स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नितिन नबीन के युवा नेतृत्व, संगठनात्मक क्षमता और कार्यकर्ताओं से गहरे जुड़ाव से पार्टी और अधिक मजबूत होगी और विकसित भारत के संकल्प को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को उनके सफल और ऐतिहासिक कार्यकाल के लिए भी बधाई दी। कटवाल ने कहा कि नड्डा के कार्यकाल में भाजपा ने संगठन का व्यापक विस्तार किया और कई राज्यों में सरकारें बनाकर जनादेश प्राप्त किया, जो उनकी दूरदर्शिता और समर्पित नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नड्डा के नेतृत्व में भाजपा ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया और इसके लिए पूरा भाजपा परिवार उनके योगदान का आभार व्यक्त करता है।





















