सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा है कि जिला बिलासपुर के घुमारवीं में 1 से 5 फरवरी तक आयोजित होने जा रही राष्ट्रीय अंडर-19 छात्रा हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में पहली बार राष्ट्रीय स्तर की खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है, जिससे यहां के युवाओं और विद्यार्थियों में खेल संस्कृति को मजबूती मिलेगी और घुमारवीं को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर पहचान मिलेगी। धर्माणी आज खंड विकास अधिकारी कार्यालय घुमारवीं में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे।उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता से न केवल हिमाचल प्रदेश बल्कि देश में “ब्रांड हिमाचल” को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की लगभग 40 टीमें भाग लेंगी, जिनमें करीब 800 खिलाड़ी एवं अधिकारियों की उपस्थिति होने की उम्मीद है।
यह प्रतियोगिता राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, घुमारवीं के परिसर में आयोजित की जाएगी, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे और समापन शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर करेंगे। राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रतियोगिता के आयोजन को सफल बनाने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश भर से आने वाले खिलाड़ी हमारे मेहमान हैं और उनकी सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने सभी विभागों को आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई को गंभीरता से न लेने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान आए खिलाड़ियों को हिमाचल की लोक कला, संस्कृति और खानपान से परिचित कराने पर भी जोर दिया ताकि वे खेल के साथ-साथ प्रदेश की संस्कृति को भी जान सकें। बैठक में विभिन्न समितियों के प्रभारियों ने खानपान, ठहराव, परिवहन, सुरक्षा, प्रचार-प्रसार, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वागत, स्टेज, चिकित्सा सुविधा आदि से जुड़ी कार्ययोजना प्रस्तुत की। इस अवसर पर उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार, एसडीएम गौरव चैधरी, सहायक आयुक्त राज कुमार तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।





















