मंडी नगर निगम चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपने ‘संकल्प पत्र’ के माध्यम से शहर के सर्वांगीण विकास का एक विस्तृत खाका जनता के सामने प्रस्तुत किया है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मण्डी नगर निगम के सभी 14 वार्डों के निवासियों से भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने की अपील की है, ताकि शहर को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा सके। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह संकल्प पत्र न केवल विकास के लक्ष्य हासिल करने का दस्तावेज है, बल्कि यह मंडी की सांस्कृतिक विरासत, आधुनिक अधोसंरचना, महिला सुरक्षा, युवा सशक्तिकरण और जन-सुविधाओं को एकीकृत करने का एक ठोस प्रयास है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि इस संकल्प पत्र में महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है, जिसके अंतर्गत शहर के प्रमुख बाजारों, बस स्टैंडों और संवेदनशील क्षेत्रों में एआई-पावर्ड हाई-रेज़ोल्यूशन सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछाया जाएगा ताकि कानून व्यवस्था सुदृढ़ हो सके। साथ ही, स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम और इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से मंडी की यातायात समस्या का स्थायी समाधान निकालने का वादा किया गया है। महिलाओं के लिए ‘स्वच्छता एवं सम्मान केंद्र’ और ‘पिंक टॉयलेट’ की स्थापना, सैनिटरी वेंडिंग मशीनें और क्यूआर-आधारित निगरानी प्रणाली जैसे कदम महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। आपदा प्रबंधन के लिए भाजपा ने ‘अर्ली वार्निंग सिस्टम’ और मोबाइल अलर्ट सेवा का प्रस्ताव रखा है, ताकि किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में जान-माल के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।
उन्होंने आगे कहा कि मंडी शहर के हर नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना भाजपा की प्राथमिकता है, जिसके लिए हर वार्ड में डिजिटल हेल्थ कियोस्क स्थापित किए जाएंगे और मुफ्त एम्बुलेंस सेवा का दायरा बढ़ाया जाएगा। युवाओं के लिए आधुनिक लाइब्रेरी, ओपन जिम और वाई-फाई जोन बनाए जाएंगे ताकि वे तकनीकी रूप से सक्षम हो सकें। शहर की पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था को सुधारने के लिए 24 घंटे पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने और कूड़ा प्रबंधन प्रणाली को आधुनिक बनाने का खाका तैयार किया गया है। अंत में नेता प्रतिपक्ष ने मंडी की जनता से भावुक अपील की कि वे शहर के समग्र और सुनियोजित विकास के लिए नगर निगम के सभी 14 वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों को अपना बहुमूल्य वोट देकर भारी मतों से विजयी बनाएं।



















