मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि स्मार्ट सिटी शिमला और धर्मशाला में हुई गड़बड़ियों की जांच की जाएगी। शुक्रवार को विधानसभा सदन में प्रश्नकाल के दौरान विधायक सुधीर शर्मा और हरीश जनारथा के सवाल पर मुख्यमंत्री ने यह एलान किया। उन्होंने दोनों विधायकों से स्मार्ट सिटी के कार्यों में हुई अनियमितताओं की सूची भी मांगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी शिमला स्मार्ट सिटी की जगह स्टील सिटी बन गई है। धर्मशाला और शिमला में जहां-जहां स्मार्ट सिटी के कार्यों में अनियमितताएं बरती गई हैं, उसकी सूची उन्हें दी जाए। इसकी जांच करवाई जाएगी।
सुधीर शर्मा ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्टों के कार्यों की गुणवत्ता पर उठाए सवाल
शिमला और धर्मशाला में स्मार्ट सिटी के तहत हो रहे कार्यों का मामला शुक्रवार को विधानसभा में गूंजा। धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने दोनों शहरों में बने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्टों की गुणवता पर सवाल उठाया और उनकी जांच के लिए एक कमेटी गठित करने की मांग उठाई। सुधीर शर्मा ने कहा कि स्मार्ट सिटी योजना कांग्रेस शासन के दौरान आई थी, उसके बाद भाजपा की सरकार आई और भाजपा शासन में इन प्राजेक्टों का निर्माण हुआ। लेकिन इस दौरान इनकी गुणवता का ध्यान नहीं रखा गया। इसके जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी शिमला तो स्टील सिटी बन गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने अधिकारियों पर दबाव बनाकर ऐसे फैसले लिए जिससे इस शहर में स्टील के ढांचे खड़े कर दिए गए हैं।