शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला द्वारा घोषित 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में सफलता हासिल करने वाले सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी है।
मेधावी छात्रों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह शानदार परिणाम उनकी कड़ी मेहनत, अटूट लगन और पढ़ाई के प्रति समर्पण का फल है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता को दर्शाती है, बल्कि जीवन में सफलता पाने के उनके उत्साह को भी प्रमाणित करती है।
मुख्यमंत्री ने इस सफलता में शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया और उनके मार्गदर्शन व सहयोग की प्रशंसा की। उन्होंने परीक्षा में सफल न हो पाने वाले विद्यार्थियों का ढांढस बढ़ाते हुए कहा कि वे निराश न हों, बल्कि नए संकल्प और दुगनी मेहनत के साथ फिर से तैयारी में जुट जाएं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




















