शिमला, 14 अप्रैल: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने सरकाघाट में एक कॉलेज छात्रा की निर्मम हत्या की घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं किसी भी सूरत में सहन नहीं की जा सकतीं और समाज में ऐसी घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाना जरूरी है।
विनय कुमार ने इस दुखद घटना पर भाजपा द्वारा राजनीति किए जाने की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें पूरा न्याय दिलाया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस घटना को प्रदेश की कानून व्यवस्था से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए, क्योंकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और कानूनी प्रक्रिया के तहत मामले की गहन जांच जारी है।

















