कुल्लू (प्रिया शर्मा): हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में गौ रक्षा और गौ माता के सम्मान को लेकर एक बड़ा अभियान शुरू होने जा रहा है। आगामी 27 अप्रैल को जिले भर में ‘गौ सम्मान आह्वान’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके तहत गौ रक्षा की मुहिम को तेज करने के लिए रणनीति तैयार की गई है।
इस कार्यक्रम के दौरान जिले की सभी तहसीलों में गौरक्षक और सनातन प्रेमी भारी संख्या में एकत्र होंगे। इस दौरान गौ रक्षा को लेकर कड़े कानून बनाने और व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपे जाएंगे। ढालपुर में मीडिया से बात करते हुए कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि वर्तमान में देशभर का संत समाज गौ रक्षा के मुद्दे पर एकजुट है और केंद्र सरकार से इसके लिए सशक्त कानून बनाने की मांग कर रहा है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में गौ माता के प्रति श्रद्धा और उनके संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। आयोजकों का कहना है कि ज्ञापन के माध्यम से सरकार तक यह संदेश पहुँचाया जाएगा कि गौ माता को सनातन धर्म की मान्यताओं के अनुसार समाज में उचित दर्जा और सुरक्षा मिल सके। इस कार्यक्रम को लेकर जिले की विभिन्न तहसीलों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।















