हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान हिमकेयर योजना में हुई कथित अनियमितताओं की जाँच के आदेश दे दिए हैं। मुख्यमंत्री ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि पिछली सरकार के समय जनता के धन का भारी दुरुपयोग हुआ और यहाँ तक कि रिकॉर्ड में पुरुषों के भी ओवरी यानी अंडाशय के ऑपरेशन दिखाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार के सभी रास्तों को बंद करने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं क्योंकि पिछली सरकार ने व्यवस्था को पूरी तरह नजरअंदाज किया था।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा के गिरते स्तर पर भी भाजपा को आड़े हाथों लिया और कहा कि वर्ष 2021 में हिमाचल प्रदेश गुणात्मक शिक्षा के मामले में देशभर में 21वें स्थान पर पहुँच गया था। इसके विपरीत वर्तमान सरकार ने व्यापक सुधार किए हैं जिसके फलस्वरूप प्रदेश अब 5वें स्थान पर आ चुका है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर अवसर देने के लिए 151 स्कूलों को सीबीएसई पैटर्न पर लाया गया है और पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि 30 जून तक इन स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी ताकि बच्चों को भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाया जा सके और फीस के नाम पर उनके साथ कोई भेदभाव न हो।













