सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं ऊना से विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कांग्रेस सरकार और उसके मंत्रियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सुक्खू सरकार के मंत्री झूठ और भ्रम फैलाने की प्रतिस्पर्धा में लगे हुए हैं। सत्ती ने कहा कि जिस कांग्रेस पार्टी ने बिना किसी संवैधानिक पद के राहुल गांधी की रैलियों पर प्रदेश के करोड़ों रुपये खर्च किए और आपदा के समय भी जश्न मनाया, उसे नैतिकता पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार केंद्र द्वारा आपदा राहत के रूप में भेजे गए 6000 करोड़ रुपये का पूरा हिसाब प्रदेश की जनता को दे, क्योंकि अब तक केवल लगभग 500 करोड़ रुपये ही प्रभावितों तक पहुंचने की बात सामने आई है।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/congresss-bapu-love-name-misusedanurag-singh-thakur/
सत्ती ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क निर्माण जैसे सभी प्रमुख विकास कार्य केंद्र सरकार के सहयोग से ही हो रहे हैं, लेकिन कांग्रेस नेता केवल प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार पर आरोप लगाकर अपनी नाकामियों को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन वर्षों के कार्यकाल में सरकार की एकमात्र उपलब्धि कर्ज और करों का बोझ बढ़ाना रही है और बिना किसी ठोस उपलब्धि के जनता के पैसे से जश्न मनाकर उनका दुरुपयोग किया गया।





















