लोकसभा क्षेत्र मंडी के साथ अब हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में नेताओं के बयानों से सियासी पारा चढ़ने लगा है। संसदीय क्षेत्र हमीरपुर से कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पर तीखा जुबानी हमला बोला है। चुनाव जीतने के लिए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने पिता को बुरा कहने वाले को गले लगा लिया। आखिर महज चुनाव जीतने के लिए क्या इतना गिरना जरूरी है। भोरंज विधानसभा क्षेत्र में पट्टा, खरवाड़, टूह, शमु ताल, भलवाणी, पल्ही, बडैहर, दलालड़, कैहरवीं इत्यादि चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पर यह निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि वह फौजी के बेटे हैं। यदि उनके पिता के मान सम्मान को किसी ने ठेस पहुंचाई होती तो वह कभी ऐसे नेता को गले नहीं लगाते। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल एक बुजूर्ग होने के नाते पूजनीय है। जिस व्यक्ति ने धूमल को मंच से भला बुरा कहा उसे महज चुनावों में जीत के लिए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने गले लगा लिया। उन्होंने कहा कि बिके हुए नेता चुनाव नहीं जिताते हैं। चुनाव जनता के बूते जीते जाते हैं। केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ लोगों में आक्रोश है। बिके हुए विधायकों को भाजपा ने टिकट दिए हैं। कांग्रेस सरकार को गिराने का नाकाम प्रयास भाजपा ने किया है। हमीरपुर जिला में इन नेताओं के खिलाफ आक्रोश है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि विधानसभा उपचुनावों के साथ लोकसभा चुनावों में पार्टी जीत हासिल करेगी। भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि जब केंद्रीय मंत्री से हमीरपुर की उपलब्धियों के बारे में सवाल पूछा जाता है तो वह कहते हैं कि यह चुनाव हमीरपुर का नहीं बल्कि देश का है। वह भाजपा प्रत्याशी से सवाल पूछना चाहते हैं कि क्याक्या हमीरपुर और हिमाचल देश का हिस्सा नहीं है। आखिर क्यों हमीरपुर के विकास पर केंद्रीय मंत्री बात नहीं करते हैं। इस मौके पर विधायक भोरंज सुरेश कुमार, कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन रामचंद्र पठानिया, प्रमिला कुमारी इत्यादि मौजूद रहे।