बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने चंडीगढ़ सीट से उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। बसपा ने चंडीगढ़ से डॉ. रितु सिंह को लोकसभा चुनाव का उम्मीदवार बनाया है। उनका मुकाबला भाजपा के संजय टंडन कांग्रेस के मनीष तिवारी और शिरोमणि अकाली दल के हरदेव सैनी से होगा। चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर एक जून को मतदान होना है
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए चंडीगढ़ संसदीय सीट से बसपा ने भी अपने उम्मीदवार की घोषणा करते हुए चुनाव मैदान में हलचल मचा दी है। बसपा ने चंडीगढ़ के लिए महिला सशक्तिकरण पर भरोसा जताते हुए दिल्ली की पूर्व प्रोफेसर डॉक्टर रितु सिंह को उम्मीदवार घोषित कर दिया है।
रितु सिंह जुझारू और संघर्षशील महिला
बहुजन अधिकारों के समर्थक बीआर अंबेडकर उनकी महत्वपूर्ण वैचारिक प्रेरणा हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए बसपा ने चंडीगढ़ से एक ऐसी ही प्रत्याशी को मैदान में उतारा है, जो सदैव समाज के हितों और हक के लिए प्रयासरत रहती हैं। डॉक्टर रितु सिंह ऐसी ही एक जुझारू और संघर्षशील महिला है। जिन्होंने अपने जॉब के दौरान भी जाति उत्पीड़न को लेकर रोष प्रदर्शन किया। डॉक्टर रितु सिंह शहर से जुड़े मुद्दों और समस्याओं को संसद में बेबाकी से उठाएंगी और उनके समाधान के लिए संघर्षरत रहेंगी।