लोकसभा चुनाव की रणभेरी में भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। ऐसे में प्रदेश की कांग्रेस सरकार के मंत्रियों ने भी प्रचार का मोर्चा संभाल लिया है। प्रदेश सरकार के मंत्रियों ने शिमला से भाजपा के मौजूदा सांसद और प्रत्याशी सुरेश कश्यप के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सुरेश कश्यप के कार्यकाल को निराशाजनक बताया है और सांसद निधि के वितरण को लेकर सवाल उठाए हैं जिसके जवाबी हमले में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता और विधायक बलवीर वर्मा ने सरकार के 16 महीने के कार्यकाल में प्रदेश में विकास ठप्प होने की बात कही।
प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता और विधायक बलवीर वर्मा ने कांग्रेस सरकार पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस बीजेपी संसद के प्रति झूठ फैलाने का काम कर रही है। कांग्रेस जो आरोप लगा रही है कि शिमला के सांसद ने आपदा के समय कोई भी सहायता प्रदान नहीं की, लेकिन हम उन्हें बताना चाहते है कि सांसद द्वारा आपदा के समय 1 करोड़ 74 लाख 90 हजार रूपये की राशि दी गई। जबकि 16 महीने के कार्यकाल के दौरान सरकार ने प्रदेश में कोई विकास कार्य नहीं किया।यह सरकार अब भाजपा पर सवाल उठाने का अधिकार खो चुकी है।बलवीर वर्मा ने इस दौरान प्रदेश सरकार के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर पर भी निशाना साधा और कहा कि प्रदेश सरकार के शिक्षा मंत्री भाजपा सांसद के प्रति जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं जबकि बीते 16 महीने के कार्यकाल में सरकार ने हजार से ज्यादा शिक्षण संस्थान बंद कर दिए।