धर्मशाला।
राजस्थान के पूर्व मंत्री धर्मेंद्र सिंह ने वीरवार को जिला मुख्यालय धर्मशाला में कांग्रेस के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के बाद कहा कि भाजपा सरकार ने राजस्थान में चल रही कांग्रेस सरकार को भी गिरने का प्रयास किया था, लेकिन राजस्थान के मुख्यमंत्री के सूझबूझ से भाजपा इस षडयंत्र में कामयाब नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि अब भाजपा हिमाचल प्रदेश में भी चल रही कांग्रेस की सरकार को गिराने की नीच हरकत कर चुकी है, लेकिन हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुक्खू की समझ के चलते भाजपा इस षडयंत्र में कामयाब नहीं हो सकी।
धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने पूरे देश मे भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा दो यात्रा देश में निकली। आज तक किसी नेता ने देश में इतनी बड़ी यात्राएं नहीं की। उन्होंने कहा कि इन यात्राओं को जो अपार जन समर्थन मिला, उससे मोदी सरकार डर गई है। मोदी ने बुनियादी मुद्दे जिसमें बेरोजगारी, महंगाई, किसानों के मुद्दे, महिलाओं के मुद्दों पर लोगों का ध्यान भटकाने के दो बार प्रयास किए और दो बार प्रयास करके सत्ता में आए।
उन्होंने कहा कि मोदी काले धन को लेकर भी सत्ता में आ गए। 15 लाख खाते में जमा करवाने के नाम पर भी लोगों का ध्यान भटकाया। आज महंगाई अपनी चरम सीमा पर पहुंच गई है और महिलाओं को अपना घर चलाना और अपने बच्चों का पालन पोषण करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने संसद के अंदर भी मोदी से अडानी और अंबानी पर सवाल किए, लेकिन मोदी ने उनकी बातों के जबाब नहीं दिया और बदले की भावना से राहुल गांधी की षड़यंत्र पूर्वक संसद की सदस्यता को रद्द करवा दिया और उनका सरकारी बंगला भी रातों रात खाली करवा दिया गया।