बिलासपुर।
पूर्व विधायक सदर बंबर ठाकुर ने कहा बिलासपुर जिला मुख्यालय पर हुए गोलीकांड और उन पर हुए जानलेवा हमले की जांच सीबीआई या फिर हाईकोर्ट के न्यायाधीश से करवाई जाए। ताकि इस गोलीकांड के साथ ही उन पर हुए हमले की सच्चाई जनता के सामने आ सके।
पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने कहा गोलीकांड को लेकर उनके खिलाफ भाजपा नेताओं द्वारा षडय़ंत्र रचा गया है। इसका प्रमाण यह है कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल, सांसद अनुराग ठाकुर कथित चिट्टा माफिया के पक्ष में रैली करने के लिए पहुंचे। उन्होंने कहा कि सदर भाजपा विधायक ने स्वयं इस बात को कहा है कि उन्हें पहले ही पता था कि इस तरह की घटना होगी, तो विधायक द्वारा इसकी जानकारी पुलिस को क्यों नहीं दी गई।
उन्होंने कहा कि सदर भाजपा विधायक ने आगामी चुनाव से उन्हें बाहर करने के लिए रचा है। इस गोलीकांड में घायल हुआ युवक गोली लगने के बाद घूम रहा है। गोलीकांड के बाद कहीं पर भी खून के निशान नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यह स्वयं इन लोगों ने अपने ऊपर करवाया है। खिलौना टाइप देसी कट्टा देकर अटैक करवाया। उन्होंने कहा कि इस गोलीकांड से उनका और उनके बेटे का नाम बिना कारण जोड़ा गया है।
बंबर ठाकुर ने कहा कि उनके मोबाइल पर कई अननॉन कॉल आती हैं, ऐसे में कई बार फोन उठाया जाता है, कई बार नहीं। लेकिन ऐसा नहीं है कि फोन आया और बात तक नहीं हुई और उनका और उनके बेटे का नाम इस गोलीकांड से जोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि उनका बेटा यदि दोषी होगा बचाव नहीं करेंगे। लेकिन यदि निर्दोष होगा तो इस तरह के षडय़ंत्र का शिकार भी नहीं होने देंगे।