धर्मशाला (कांगड़ा)।
कांग्रेस के कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के मीडिया कोआर्डिनेटर संजीव गांधी ने धर्मशाला के पुलिस मैदान में आयोजित केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रैली को फ्लाप शो करार दिया है। संजीव गाँधी ने कहा कि इस रैली में पहुंचे अमित शाह को कार्यक्रम से जाने की इतनी जल्दी थी कि उन्होंने कार्यकर्ताओं को नारे तक लगाने नहीं दिए और भाजपा प्रत्याशियों तक को संबोधन का अवसर नहीं दिया।
गांधी ने कहा कि अमित शाह ने इस दौरान हिमाचल की आपदा के दौरान केंद्रीय सहयता को लेकर झूठी बातें कही हैं। केंद्रीय आर्थिक सहायता राशि को लेकर अमित शाह ने जो आकंड़े बताए वे केवल झूठ का पुलिंदा हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी पर तो गृहमंत्री के मुंह से एक भी शब्द नहीं निकला। वह सिर्फ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और हिमाचल की सुखिवंदर सिंह सुक्खू सरकार को कोस कर चलते बने।
गांधी ने कहा कि अमित शाह प्रदेश विधानसभा की 6 सीटों को जीतने और प्रदेश में सरकार बनाने के मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। अमित शाह ने अपनी रैली में प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू की बहुमत की सरकार को तोड़ने और भाजपा की सरकार बनने की बात करके यह तो साफ कर दिया है कि कांग्रेस के बिकाऊ विधायकों को खरीदने का षड़यंत्र उनके ही कार्यालय में रचा गया था।
उन्होंने कहा कि अमित शाह कांग्रेस नेता राहुल गांधी को राहुल बाबा कहकर कोसने के अलावा हिमाचल की जनता को ना तो अपने वायदों के बारे में बता पाए और ना ही आगे की योजनाओं का खुलासा कर पाए। गृहमंत्री ने अपने पूरे भाषण में इंडिया गठबंधन के खिलाफ ही बातें कीं। उन्होंने विकास के आंकड़े भी झूठे ही पढ़े। उन्होंने कहा कि संसदीय क्षेत्र की इस रैली में विधानसभा की रैली से भी कम संख्यां थी। कई कुर्सियां खाली देखी गईं।