शिमला | 05 मई, 2026 मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से आज शिमला में उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने विशेष भेंट की। इस मुलाकात के दौरान पठानिया ने कांगड़ा स्थित गग्गल एयरपोर्ट के समीप प्रस्तावित एयरोसिटी परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की और प्रभावित क्षेत्र के लोगों के हितों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि जिला प्रशासन द्वारा वर्तमान में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। पठानिया ने बताया कि एयरपोर्ट के समीपवर्ती क्षेत्रों में भूमि की वर्तमान बाजार दर लगभग 24 लाख रुपये प्रति कनाल है, इसलिए प्रभावित लोगों को न्यायसंगत लाभ दिलाने के लिए मुआवज़ा दरों का पुनर्निर्धारण किया जाना आवश्यक है। उन्होंने जोर दिया कि दरों के सही मूल्यांकन से अधिग्रहण की प्रक्रिया पारदर्शी बनेगी और स्थानीय निवासियों को उचित आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी।
मुलाकात के दौरान एयरोसिटी परियोजना से होने वाले लाभों पर चर्चा करते हुए पठानिया ने कहा कि यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट कांगड़ा घाटी में पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा जिससे न केवल स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार और नौकरी के नए द्वार खुलेंगे बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी काफी मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने इस विषय पर अपनी गंभीरता व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि राज्य सरकार प्रभावित भूमि मालिकों के हितों के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार उचित मुआवज़ा सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रभावी कदम उठाएगी ताकि विकास की इस प्रक्रिया में किसी भी नागरिक के अधिकारों का हनन न हो।
















