मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिला की कमान संभाल रहीं आईएएस अधिकारी गंधर्वा राठौड़ को यह सम्मान उनकी बेहतरीन प्रशासनिक क्षमता, जमीनी कार्यशैली और शानदार जनसंपर्क के लिए मिला है। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में भी हमीरपुर जिले ने विकास कार्यों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इसी प्रशासनिक निगरानी और योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग के कारण जिला देश के टॉप 100 जिलों में शामिल हुआ है। इस प्रतिष्ठित सूची में हिमाचल प्रदेश के कुल पांच उपायुक्तों को स्थान मिला है, जिनमें हमीरपुर की उपायुक्त भी शामिल हैं।
अपनी शांत, संवेदनशील और धरातल पर काम करने वाली कार्यशैली के कारण गंधर्वा राठौड़ लगातार चर्चा में हैं। उनकी कार्यप्रणाली केवल दफ्तरों तक सीमित नहीं है, बल्कि वह खुद गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं को समझती हैं और मौके पर ही उनका निपटारा करती हैं। यही कारण है कि बहुत कम समय में उन्होंने आम जनता के बीच एक भरोसेमंद अधिकारी की पहचान बनाई है। उपायुक्त बनने के बाद उन्होंने ग्रामीण विकास, प्रशासनिक पारदर्शिता और जनसुनवाई को अपनी प्राथमिकता बनाया। वे लगातार विभिन्न पंचायतों का दौरा कर विकास कार्यों का निरीक्षण करती हैं और अधिकारियों को योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश देती हैं। उनके नेतृत्व में जिले में मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन और 15वें वित्त आयोग से जुड़ी योजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है।

















